#सीतापुर:महोली तहसील परिसर में लगी आग से कंप्यूटर उपकरण खाक, जांच में जुटी फॉरेंसिक टीम.

सीतापुर(उत्तर प्रदेश): महोली तहसील परिसर स्थित भूलेख अनुभाग के कमरा संख्या दो में शनिवार सुबह संदिग्ध परिस्थितियों में आग लग गई। हादसे में कमरे के भीतर रखे लैपटॉप, कंप्यूटर सीपीयू और प्रिंटर समेत कई इलेक्ट्रॉनिक उपकरण जलकर क्षतिग्रस्त हो गए।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, सुबह करीब नौ बजे कमरे से धुआं निकलता देख वहां मौजूद कर्मचारियों ने आनन-फानन में कमरे का ताला खोला। कर्मचारियों और सुरक्षाकर्मियों ने परिसर में उपलब्ध अग्निशमन सिलेंडरों की सहायता से स्थानीय लोगों के सहयोग से आग पर काबू पाया।

घटना की सूचना मिलने पर स्थानीय पुलिस व फॉरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर मुआयना किया और तकनीकी साक्ष्य एकत्रित किए। उपजिलाधिकारी शैलेंद्र कुमार गौतम के अनुसार, प्रथम दृष्टया आग लगने की वजह विद्युत शॉर्ट-सर्किट प्रतीत हो रही है। प्रशासन द्वारा नुकसान का आकलन करने के साथ-साथ मामले की जांच कराई जा रही है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ